भिवाड़ी कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपी

0

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में गुरुवार को उस समय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब फेज थर्ड थाना पुलिस की अभिरक्षा में पेशी के लिए लाया गया चोरी का आरोपी न्यायालय परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागते ही छह थाना क्षेत्रों की पुलिस को सक्रिय करते हुए नाकाबंदी कराई गई और आरोपी की तलाश के लिए विशेष दल गठित किए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान मुजम्मिल (24) निवासी सेबका, तावडू (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी के मामले में नामजद आरोपी है। पेशी के दौरान मौका मिलते ही वह पुलिस की गिरफ्त से निकलकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने चारों ओर घेराबंदी कर दी और आरोपी का लगातार पीछा किया।

करीब 15 किलोमीटर तक चले अभियान के बाद पुलिस ने चौपानकी क्षेत्र के कारेंडा गांव के पास बाजरे के खेत में छिपे आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने राहत की सांस ली।