भीलवाड़ा में चोरों ने मकान को बनाया निशाना, सोने चांदी के आभूषण चुराए

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के पिथास गांव में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया और लोहे के बक्से से सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।

पीड़ित ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि तीन अगस्त की मध्यरात्रि को अज्ञात बदमाशों ने उनके छोटे भाई चतुर्भुज गाडरी के मकान में प्रवेश किया और कमरे में रखे लोहे के बक्से से एक तोला वजनी सोने के दो सेट, 300 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायजेब और आधा तोला सोने का बाजू चुरा लिया। चुराए गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है

घटना के समय पीड़ित चतुर्भुज गाडरी घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनकी पत्नी सीमा देवी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। चार अगस्त की सुबह करीब पांच बजे जब सीमा जागी तो चोरी का पता चला। परिजनों ने आस-पास काफी तलाश की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।

अवैध बजरी ले जाते पिकअप जब्त

भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप को जब्त किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस दल रीको क्षेत्र में गश्त कर रहा था, इसी दौरान संदिग्ध लगने पर एक पिकअप को रुकवाया गया, तो उसमें बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने वाहन जब्त करके मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।