रामगोपाल यादव का विवादित बयान, राममंदिर बेकार है, ऐसे नहीं बनते मंदिर

इटावा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता प्रो.रामगोपाल यादव ने राम मंदिर को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होने कहा कि ये बेकार मंदिर है, ऐसे मंदिर नहीं बनता है।

समाजवादी पार्टी के नेता के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेताओं ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी आस्था का सम्मान नहीं करती है,ये राम के अस्तित्व को नकारने वाले लोग हैं।

तीसरे चरण के मतदान के दौरान अपने पैतृक गांव सैफई स्थित अभिनव स्कूल में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव के पक्ष में मतदान के बाद प्रो.रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वो मंदिर बेकार का है। मंदिर ऐसे नहीं बनते। राम मंदिर का नक्शा ठीक नहीं बना है। वास्तु के हिसाब से ठीक नहीं बनाया गया है।

इससे पहले रामनवमी के मौके पर समाजवादी पार्टी के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा था कि रामनवमी हमेशा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती रही है। रामनवमी के कुछ लोगों ने पेटेंट करा लिया है। यह उनकी बपौती नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि करोड़ों लोग हजारों वर्षों से रामनवमी मनाते आ रहे हैं और इस देश में केवल एक राम मंदिर नहीं है।

उन्होंने अधूरी प्राण-प्रतिष्ठा की है और शंकराचार्य इसके खिलाफ थे। बीजेपी को सजा देंगे। मैंने कभी किसी की पूजा नहीं की। मैं दिखावा नहीं करता हूं। मैं भगवान का नाम लेता हूं, लेकिन पाखंडी नहीं हूं। पाखंडी लोग ये सब करते हैं। भगवान राम इन लोगों को दंड देंगे।

इसी साल शुरुआत में अयोध्या में तैयार हुए राम मंदिर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को समूचे भारत में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करोड़ों लोगों की निगाहें उस दिन प्रभु श्रीराम पर टिकी हुई थीं। मंदिर के उद्घाटन होने के बाद से औसतन प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। शुरुआती दौर में मंदिर में रखे गए दानपेटी को दिन भर में कई बार खाली करना पड़ता था।

प्रो यादव ने कहा कि हिटलर की तरह तानाशाही की ओर भाजपा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने नया संविधान बना भी लिया है। बस उसे लागू करने के लिए ही उन्हें 400 पार सीटें चाहिए है। ये भाजपा के नेता भी कह रहे है। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रत्याशी डिंपल यादव पांच लाख वोट से जीतने वाली हैं। इस बार जनता भाजपा को आइना दिखाएगी।