भीलवाड़ा में किशाेर पर पेट्रोल डालकर जलाकर मारने के प्रयास के 3 आरोपी अरेस्ट

1

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र में एक किशोर पर लोहे की छड़ से हमला करके उस पर पेट्रोल डालकर जलाकर मारने के प्रयास के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार काे बताया कि 16 वर्षीय गिलूराम बंजारा छह फरवरी को मंडोल बांध गांव गया था। आरोप है कि एक परिवार को गलतफहमी हो गई कि वह उनकी पुत्री से मिलने आया है। इसी शक के चलते तीन लोगों ने गिलूराम को घेर लिया और उस पर लोहे की छड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने किशोर की मोटर साइकिल से पैट्रोल निकाला और कथित तौर पर उस पर छिड़क कर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर गिलूराम करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी मोटर साइकिल पूरी तरह जल गई।

उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बिजौलियां ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद गिलूराम के चाचा मदनलाल बंजारा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने अजय कुमार बंजारा, गोपाल बंजारा और उसके बेटे राजेश बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ भी बरामद कर ली गई।

कार की चपेट में आने से एक युवक की मौत, 2 घायल

भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र में हलेड में सोमवार को सुबह कार की चपेट में आने से मोटर साइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रहलाद रैगर (18), प्रभु उर्फ बिनु बैरवा (20) और राधेश्याम सुबह मोटर साइकिल से भीलवाड़ा कैटरिंग के काम पर आ रहे थे। इसी दौरान हलेड में श्रीजी फर्नीचर के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि इससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती करके उपचार किया जा रहा है।

युवती से रेप करने के प्रयास करने का आरोपी हिरासत में

भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवती से दुष्कर्म की कोशिश और उसे धमकाने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान नीलेश कुमार के रूप में हुई है। उस पर एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती से जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास करने और बाद में उसे धमकाने का भी आरोप है। उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को हिरासत में ले लिया।