अजमेर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, पति-पत्नी और बेटी ने खाया विषाक्त

1

जेएलएन अस्पताल में बेटे का उपचार जारी

अजमेर। राजस्थान के अजमेर शहर के गढ़ी मालियान इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार में पति, पत्नी, बेटी और बेटे ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। इस घटना में पति, पत्नी और बेटी की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा गौरव (जो जयपुर में नौकरी करता है और दो दिन पहले ही घर आया था) घर पर था। मां-बाप और बहन की इस हालत व मौत की खबर से वह सदमे में बेहोश हो गया। उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।

अशोक शर्मा, पत्नी इंद्रा और बेटी दीक्षा की मौत

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मालियान में हुई। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अशोक शर्मा फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े हुए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक अशोक शर्मा पर लाखों रुपए का कर्ज था, जिसके चलते परिवार काफी समय से मानसिक तनाव और परेशानी में था।

पुलिस जांच में जुटी, घटना के कारणों का खुलासा नहीं

घटना की सूचना पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस परिवार के सदस्यों, परिचितों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।अपुष्ट सूत्रों के अनुसार परिवार पर कर्ज का दबाव होने की बात सामने आई है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।