चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के गुमिदिपुंडी में रविवार शाम को सीपकोट इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म और उसकी मौत पर विपक्षी दलों ने कड़ी निंदा की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है। पीड़िता झाड़ियों में बेहोश हालत में मिली थी, जिसके बाद पुलिस उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
इस घटना की निंदा करते हुए, लड़की के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने रात भर विरोध प्रदर्शन किया, जो आज सुबह तक जारी रहा। उन्हें शांत करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बातचीत की। मुख्य विपक्षी पार्टी द्रमुक, अन्नाद्रमुक और पीएमके समेत कई पार्टियों के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए ठोस कदम न उठाने के लिए सत्तारुढ तमिलागा वेत्री कड़गम (टीवीके) को जिम्मेदार ठहराया।
द्रमुक की लोकसभा सांसद और उपमहासचिव कनिमोझी ने कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। उन्होंने कहा कि गुम्मिडीपोंडी में एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने और उसे झाड़ियों में फेंक दिए जाने की खबर सुनकर मैं स्तब्ध रह गई हूं। यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है।
कनिमोझी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि सभी महिलाएं, कृपया अपना और अपने बच्चों का ध्यान रखें। इस राज्य का शासन ऐसे चलाया जा रहा है कि शक होने लगता है कि क्या यहां कोई सरकार है भी या नहीं। उन्होंने पूछा कि ऐसे लोगों के शासन में, जिन्हें ज़िम्मेदारी शब्द का मतलब ही नहीं पता, जनता अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के अलावा और क्या कर सकती है?
विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने इस घटना पर हैरानी व्यक्त की और कहा कि ऐसी घटनाएं लगभग रोज़ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान वोट पाने के लिए बच्चों का इस्तेमाल करने के बाद, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है और उन्होंने दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की।
स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री जोसेफ सी विजय के पद संभालने के एक महीने से ज़्यादा समय बीत जाने के बाद भी कानून-व्यवस्था के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह वे दूसरी पार्टियों के सदस्यों को धड़ल्ले से खरीद रहे हैं, उसी तरह उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी कुछ ध्यान देना चाहिए।
पीएमके के अध्यक्ष अंबुमणि ने इस घटना को दिल दहला देने वाला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि कल शाम चार लोगों ने पीड़िता का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता को गंभीर हालत में चेन्नई के स्टेनली अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। अंबुमणि ने कहा कि मैं उन माता-पिता के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं जो अपने बच्चे को खोने का दुख झेल रहे हैं।
तमिलनाडु में महिलाओं की लगातार असुरक्षा बहुत चिंताजनक है। पता चला है कि जिस लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ, उसके लिए ज़िम्मेदार चार दरिंदे उत्तरी राज्य के मज़दूर हैं। इन चारों ने गांजे के नशे में यह घिनौना अपराध किया।
अंबुमणि ने यह दावा करते हुए कहा कि ड्रग्स की आसानी से उपलब्धता अपराधों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस को अब हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठना चाहिए और ड्रग्स की समस्या को खत्म करना चाहिए। सरकार और पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पकड़े गए अपराधियों को मौत की सज़ा मिले।



