पुष्कर। राजस्थान की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राजधानी पुष्कर में रविवार को देशभक्ति की एक अनूठा ज्वार देखने को मिला। भाजपा पुष्कर विधानसभा मंडल के तत्वावधान में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत के नेतृत्व में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गौरवपूर्ण बना दिया।
रैली की शुरुआत पुष्कर के पवित्र गुरुद्वारे से मंत्रोच्चार और भारत माता की जयकारों के बीच हुई। रैली में जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, पूर्व सभापति कमल पाठक और भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक ने कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का जोश भरा।
चिलचिलाती धूप और गर्मी को मात देती जोशीली भीड़ ने तिरंगा लहराते और वंदे मातरम्, भारत माता की जय के नारों से पुष्कर नगरी को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली नया रंगजी मंदिर, सूर्य चौक, वराह घाट, बद्री घाट, गऊ घाट, कपड़ा बाजार, ब्रह्म चौक, ब्रह्मा मंदिर, कपालेश्वर तिराहा होते हुए अंबेडकर सर्किल पर संपन्न हुई।
रैली का मार्ग में स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर लोगों ने अपने जोशीले अंदाज़ में स्वागत किया। ऐसा लग रहा था कि पुष्कर की पावन भूमि पर देशभक्ति की गंगा बह रही हो। पूरे राजस्थान में आयोजित की जा रही तिरंगा रैलियों की श्रंखला में यह रैली एक प्रेरणादायक उदाहरण बनी।
मंत्री रावत ने बताया कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित हाथों में है। हाल ही में प्रधानमंत्री के सशक्त इरादों और राष्ट्र रक्षा के संकल्प का अनूठा उदाहरण देखने को मिला है। भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को दी जा रही पनाह को नेस्तनाबूद कर एक कड़ा संदेश दिया है। प्रधानमंत्री के संकल्प को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक देशवासी द्वारा निकाली जा रही यह रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं की अटूट निष्ठा का प्रतीक है।
पुष्कर की इस रैली ने यह संदेश दिया कि चाहे कोई भी मौसम हो, देश के प्रति समर्पण में कोई कमी नहीं आ सकती। पुष्कर की भूमि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि वह केवल आध्यात्म की नहीं, अपितु राष्ट्रभक्ति की भी प्रेरणा स्थली है। इस ऐतिहासिक रैली में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।