भीलवाड़ा के आसींद में ट्रेलर-वैन की टक्कर से दो लोगों की मौत

3

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद के बार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग -158 पर वैन और ट्रेलर की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदनोर और बार के बीच तड़के करीब चार बजे ब्यावर की ओर से आ रही एक मारुति वैन भीलवाड़ा की तरफ से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।

आमने-सामने की टक्कर से वैन में सवार परशुराम वैष्णव (56) और लाछुड़ा सुरेश चंद (38) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक परशुराम वैष्णव एक होटल संचालक थे। इस दुर्घटना में कैलाश बलाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

कार की टक्कर से किशोर की मौत

भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कार की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंगोली चारभुजा निवासी कालू रैगर अपने ही गांव के राधेश्याम (14) के साथ सुबह मोटर साइकिल में पंट्रोल भरवाने बरुंदनी रोड स्थित पंप पर जा रहा था, तभी पीछे से आयी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि इससे मोटर साइकिल पर पीछे बैठा राधेश्याम उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इस दुर्घटना में चालक कालू भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। घायल कालू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।

घर में गोली लगने से एएसआई की मौत

भीलवाड़ा के कोतवाली थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) महावीर सिंह की शुक्रवार को प्रतापनगर स्थित उनके निजी निवास पर गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

महावीर सिंह शहर कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थाने में कार्यरत थे, ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक और सनसनी फैल गई है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे अन्य कारण हैं। पुलिस ने घटनास्थल को घेरे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

ट्रैक्टर से गिरने से महिला की मौत

भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। सिंदरी का बालाजी निवासी कमला भील ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठी थी। ऑडिटोरियम के निकट अचानक संतुलन बिगड़ने से वह उछलकर सड़क पर गिर गयी और सीधे ट्रॉली के टायर की चपेट में आ गयी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की के शवगृह में रखवा दिया है।