उदयपुर : माण्डवा थानाधिकारी एवं कांस्टेबल 8 लाख रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

उदयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को उदयपुर जिले के माण्डवा थाने के थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री एवं कांस्टेबल भल्लाराम पटेल को एक मामले में आठ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो की इन्टेलीजेन्स युनिट उदयपुर को शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादियों को पुलिस थाना माण्डवा जिला उदयपुर में पंजीबद्ध प्रकरणों में आरोपी नहीं बनाने की एवज में 20 लाख रुपए की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है जिस पर गत 21 मार्च को सत्यापन में प्रत्येक आरोपी के एवज में पांच लाख रुपए कुल 20 लाख रुपए की मांग की जाकर आठ लाख रुपए की रिश्वत लेने पर सहमत होने के बाद ब्यूरो टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही की गई।

गुप्ता ने बताया कि ट्रेप कार्यवाही में खत्री एवं पटेल को परिवादियों से आठ लाख रुपए (एक लाख रुपए भारतीय चलन मुद्रा के नम्बरी नोट एवं सात लाख रुपए के डमी नोट एवं चिल्ड्रन नोट) रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमाला की देखरेख में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।