ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ पुष्कर के महामृत्युंजय मंदिर में दिव्य सहस्त्रधारा महाभिषेक

पुष्कर। सावित्री वेद विद्यापीठ पुष्कर स्थित महामृत्युंजय मंदिर में सोमवार को अत्यंत दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण में सहस्त्रधारा महाभिषेक का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भगवान महाकाल शिव का विधिवत दुग्धाभिषेक कर रुद्राभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने परम विभूषित संत गोविन्द देव गिरी महाराज का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-विद्वान, वैदिक आचार्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री रावत ने कहा कि भगवान शिव लोक कल्याण के प्रतीक हैं। उनके श्रीचरणों में समर्पित यह सहस्त्रधारा महाभिषेक न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा देता है, बल्कि जनमानस को धर्म, सेवा और संस्कारों से जोड़ता है। मैं वेद विद्यापीठ के प्रयासों को नमन करता हूं जो सनातन संस्कृति के पुनरुत्थान में निरंतर संलग्न हैं।

सहस्त्रधारा में हजारों जल कलशों द्वारा शिवलिंग पर अभिषेक किया गया। वैदिक ब्राह्मणों, वेदपाठी शिष्यों द्वारा उच्चारित रूद्राष्टाध्यायी, महामृत्युंजय मंत्रों की दिव्य ध्वनि से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा तथा महिला श्रद्धालुओं व वेदपाठियों ने भजनों और शिव स्तुति से आयोजन को भक्तिमय बनाया। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।

इस दिव्य आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, संत महात्माओं और आम श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की व्यवस्था सावित्री वेद विद्यापीठ के संचालकगण और आचार्य परिषद द्वारा की गई थी।

इसके पश्चात मंत्री रावत ने गुरु मिश्री रूप सुकन चातुर्मास समिति पुष्कर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में परम पूज्य मरुधरा भूषण, वरिष्ठ प्रवर्त्तक, संत शिरोमणि गुरुदेव श्री सुकुनमल जी महाराज साहब का भी आशीर्वाद प्राप्त किया।