आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ कोई मंज़िल नहीं होती दूर: आकांक्षा चौधरी

1

अजमेर/जयपुर। मिसेज इंडिया-2026 का ताज अपने नाम करने वाली राजस्थान के अजमेर की आकांक्षा चौधरी ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए कुछ छोड़ने की आवश्यकता नहीं हैं और वे अपनी हर जिम्मेदारी को निभाते हुए भी सब कुछ कर सकती है।

आकांक्षा चौधरी ने मिसेज इंडिया-2026 का खिताब जीतने के बाद सोमवार को यहां मीडिया से मुखातिब होते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनका विश्वास है कि आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती।

उन्होंने कहा कि महिला की प्रगति में उसका परिवार एवं उसका बच्चा आदि कोई आड़े नहीं आता है और वह सब कुछ कर सकती हैं। उन्होंने कहा वह नौकरी नहीं छोड़ेगी और बच्चा भी रखेगी, साथ ही मॉडलिंग आदि सब कुछ करेगी। उन्होंने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना चाहती हैं।

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि पर कहा कि यह ताज केवल उनकी जीत नहीं, बल्कि यह उनका परिवार, राजस्थान और भारतीय संस्कृति का सम्मान है। उन्होंने यह उपलब्धि उन सभी महिलाओं को समर्पित की जो अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही हैं।

आकांक्षा ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे अपनी मां का हाथ बताते हुए कहा कि उनके पुत्र हर्वीश को रखने में पूरी मदद की, क्योंकि जब बच्चा रोता हैं तो उसकी मां का ध्यान बंट जाता है और वह मानसिक रुप से पूरा सौ प्रतिशत नहीं कर पाती। लेकिन मां ने हर्वीश को उसकी मां से भी बेहतर रखा और वह अपना पूरा मन लगाकर प्रदर्शन कर पायी और इस खिताब तक पहुंच पाई।

उन्होंने कहा कि सफल पुरुष हो या सफल महिला उसके पीछे एक महिला का हाथ होता है और वह कहीं पत्नी होती है तो कहीं मां होती हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पति की भी काफी मदद मिली और उन्होंने भी हर्शीव को रखा इसके अलावा उन्होंने मेरी ड्रेसेज सलेक्ट की मेरे फिटनेस का ध्यान रखा, उनके साथ प्रश्न- उत्तर राउंड में प्रेक्टिस करती थी।

उल्लेखनीय है कि आकांक्षा चौधरी ने रविवार को जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर की प्रतिभागियों को पछाड़ मिसेज इंडिया-2026 का खिताब जीतकर राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान के गौरव को बढ़ाया।