खैरथल-तिजारा में थार की चपेट में आने से महिला की मौत

0

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में टीहली गांव में रविवार को थार गाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मोहरली देवी के रूप में हुई है। दोपहर में तेज रफ्तार से आ रही थार ने मोहरली देवी को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि थार सवार युवक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहे थे। जब उनके अभद्र व्यवहार और तेज रफ्तार का विरोध किया गया तो आरोपियों ने गुस्से में आकर जानबूझकर थार गाड़ी महिला पर चढ़ा दी।

मृतका के बेटे अजीत सिंह ने तिजारा थाने में मामला दर्ज कराते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।