बारां। राजस्थान में बारां जिले के भंवरगढ़ थान क्षेत्र में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मियांडा गांव निवासी घनश्याम गुर्जर अपनी पत्नी द्रौपदी बाई गुर्जर (45) के साथ मोटरसाइकिल से बारां की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी मोटर साइकिल टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सूचना मिलने पर पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला चिकित्सालय भेज दिया, जहां उपचार के दौरान 45 वर्षीय द्रौपदी बाई गुर्जर की मौत हो गई, जबकि उसके पति घनश्याम गुर्जर की हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए उसे कोटा भेज दिया गया।



