भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर अस्पताल में गुरुवार को सुबह पेट दर्द की शिकायत लेकर जांच कराने आई एक महिला ठगी का शिकार हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि काली (45) पत्नी मदनलाल पारीक पेट दर्द के कारण अपने पति के साथ गंगापुर अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर ने उसे सोनोग्राफी और खून की जांच लिखी थी। इसी दौरान अस्पताल परिसर में एक अज्ञात महिला काली के पास आई और खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर मदद का भरोसा दिलाया।
शातिर महिला ने काली को झांसे में लेते हुए कहा कि जांच से पहले उसे अपने पहने हुए जेवर उतारने होंगे। काली उसकी बातों में इस कदर उलझ गई कि उसने पास ही खड़े अपने पति को गहने देने के बजाय उस अज्ञात महिला को सौंप दिए। इन गहनों में सोने का मांदलिया, मोती, कान की झुमरिया, चांदी का कड़ा, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज शामिल थे।
ठग महिला यह कहकर वहां से खिसक गई कि नंबर आने पर वह उसे बुला लेगी, लेकिन वह फिर नहीं लौटी। काफी इंतजार के बाद जब महिला नहीं आई, तब काली ने पति को आपबीती सुनाई। अस्पताल में तलाश करने पर भी जब वह नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
ब्रांडेड कम्पनी के नकली जूते चप्पल बरामद
भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र में सिरकी मोहल्ला स्थित जेपी ट्रेडिंग शॉप से पुलिस ने प्यूमा कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली जूते और चप्पलें बरामद करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने गुरुवार को बताया कि प्यूमा कंपनी के प्रतिनिधि मोहम्मद अराफात ने पुलिस को शिकायत कि कि प्यूमा कंपनी के नाम से भीलवाड़ा में नकली जूते-चप्पल बेचे जा रहे हैं।
इस शिकायत पर कंपनी प्रतिनिधि के साथ सिरकी मोहल्ला स्थित जेपी ट्रेडिंग पर छापेमारी करके तलाशी ली गई। दुकान में प्यूमा कंपनी के 315 जोड़ी नकली चप्पल और 28 जोड़ी जूते मिले, जिन्हें बरामद कर लिया गया। चौधरी ने बताया कि मौके पर मौजूद जतिन टिक्याणी को पकड़ा गया है।



