अजमेर। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अशांति और नकारात्मक वातावरण के बीच मानसिक शांति और वैश्विक सदभाव का संदेश देने के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अजमेर शाखा द्वारा वर्ल्ड मेडिटेशन डे के अवसर पर एक विशेष संगठित मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन सुभाष उद्यान में सुबह शांत एवं सकारात्मक वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों ने सामूहिक रूप से राजयोग मेडिटेशन एवं योग अभ्यास किया। सुबह 7.30 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया। खुले वातावरण में किए गए इस मेडिटेशन से संपूर्ण उद्यान शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक अनुभूति से भर गया।
इस अवसर पर राजयोगिनी शांता दीदी के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विश्व शांति, मानव एकता और संपूर्ण विश्व के कल्याण हेतु मेडिटेशन किया। मेडिटेशन के दौरान आत्मिक शुद्धता, परमात्मा से संबंध और सकारात्मक संकल्पों के माध्यम से विश्व में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को सशक्त करने का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारीज की ओर से बताया गया कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को आंतरिक शांति प्रदान करता है, जिससे समाज और विश्व में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। जब व्यक्ति स्वयं शांत और संतुलित होता है, तभी विश्व शांति की स्थापना हो सकती है।
कार्यक्रम में अजमेर के सभी सेवा केंद्रों की टीचर्स बहनें, विभिन्न क्लासों के भाई-बहन, युवा वर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एकजुट होकर विश्व कल्याण और शांति के लिए सकारात्मक संकल्प लिया।कार्यक्रम का समापन शांति संदेश और नियमित मेडिटेशन को जीवन में अपनाने की प्रेरणा के साथ हुआ।




