कोटा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कोटा के गुमानपुरा थाने के पुलिस कांस्टेबल जीतराम को एक मामले में तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी कोटा इकाई को परिवादी ने शिकायत की कि वह पहले एचडीएफसी बैंक के लिए रिकवरी का कार्य करता था, जो अब बंद कर दिया है। कांस्टेबल ने झूठे मुकदमें में नहीं फंसाने एवं उसके विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं करने की एवज में आठ हजार रुपए की मांग की तथा गत सात फरवरी को पांच हजार रुपए जबरन ले लिये तथा शेष तीन हजार रुपए की मांग कर रहा है। इसके बाद गत नौ फरवरी को ही मांग सत्यापन कराया गया जिसमें आरोपी द्वारा तीन हजार रुपए रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद ब्यूरो टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही कर कांस्टेबल जीतराम को परिवादी से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के महानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।



