अजमेर। श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग अजमेर की ओर से धूप दशमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विभिन्न इकाइयों से जुड़ी महिलाओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर जिनेंद्र भगवान की पूजा-अर्चना की और विधि-विधान से धूप अर्पित की।
पर्व के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय नजर आया। महिलाओं ने धूप दशमी के धार्मिक महत्व को समझते हुए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की तथा परिवार और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि धूप दशमी के अवसर पर महिला एवं युवा महिला संभाग की सदस्याओं ने मिलकर धार्मिक आयोजन किए। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व धार्मिक आस्था के साथ समाज में सकारात्मकता और आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।
युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि आयोजन में संभाग की पदाधिकारी, विभिन्न इकाइयों के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने उत्साहपूर्वक धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और मंगलकामनाएं कीं।



