भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा आसींद थाना में एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि काला मंगरा निवासी बाबूनाथ (33) बकरियां चराने गया था। इस दौरान वह एक कुएं पर बकरियों को पानी पिला रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कुएं से बाहर निकलवाकर आसींद अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
डम्पर-ट्रेलर की भिड़ंत में दोनों वाहन जलकर नष्ट
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 डी पर शनिवार को देर रात डंपर और ट्रेलर के बीच टक्कर से दोनों वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजमार्ग पर अचानक आए आवारा पशु को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। हालांकि इस घटना में दोनों चालक बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही जहाजपुर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची। जहाजपुर पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करवाया गया।



