फिरोजाबाद : दोस्त की मौत से आहत युवक जलती चिता पर कूदा

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र में शनिवार को दोस्त की मौत से आहत एक युवक ने जलती चिता में कूद कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। लोगों ने उसे निकाल कर गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि नगला खंगर के गांव मढैया नादिया निवासी अशोक कुमार और गढ़िया पंचवटी निवासी आनंद गौरव राजपूत (42) में गहरी दोस्ती थी। अशोक कैंसर से पीड़ित था। शनिवार को उसकी मृत्यु हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को यमुना किनारे सरूपुर घाट पर ले गए। यहां पर अंतिम संस्कार किया।

जब चिता जल गई तो लोग अपने घर को चल दिए। कुछ लोग वहां मौजूद रहे। इसी दौरान अशोक का दोस्त आनंद गौरव रोता हुआ वहां पहुंचा। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक वह दोस्त की चिता पर कूद गया। धधकते अंगारों पर लेटने से वह भी गंभीर रूप से झुलस गया।

युवक को चिता पर लेटता देख वहां मौजूद लोगों की चीख निकल गई। आनन-फानन में उसे जलती चिता से उठाया और उपचार के लिए सरकारी ट्रोमा सेंटर फिरोजाबाद ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद से उसे आगरा रेफर कर दिया है। इस संबंध में नगला खंगर प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि थाने पर कोई सूचना नहीं दी गई है। मामले की जानकारी की जा रही है।