नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बाद दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में एक दुखद हादसे में 18 वर्षीय युवक उफनते नाले में बह गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात घटना के संबंध में दो पीसीआर कॉल मिली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के दौरान अली विहार की भीम कॉलोनी निवासी मनीष ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त अंकित (भीम कॉलोनी निवासी) नोएडा से लौट रहा था, तभी नाले के पास उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बचाव टीम और दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहयोग से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इस बीच, पूर्वी दिल्ली से सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और भाजपा परिवार इस संकट की घड़ी में अंकित के परिजनों के साथ खड़ा है तथा शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।



