नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के पूर्व सभापति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक अचेत होकर गिर पड़े और कई मिनट तक बेहोश रहे। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में रखा गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनकी जांच और उपचार किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सुबह की सैर के दौरान धनखड़ के अचानक गिरने पर उनके साथ तैनात सुरक्षाकर्मी तत्काल उन्हें पुलिस पीसीआर वाहन से उनके आवास पर लेकर पहुंचे। इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) की मेडिकल टीम और एम्स के चिकित्सक डॉ. संदीप सेठ ने उनके स्वास्थ्य की शुरुआती जांच की और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए उन्हें दिल्ली एम्स पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार जारी है।
एम्स ने जारी नहीं किया आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन
धनखड़ की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, घटना के बाद एम्स प्रशासन की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति, बेहोश होने के कारण अथवा उपचार से संबंधित कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया था। ऐसे में उनकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ को इससे पहले भी बेहोशी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। जून 2025 में नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम के दौरान भी वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। जनवरी 2026 में भी उनके अचेत होने की घटनाएं सामने आई थीं।
धनखड़ अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। मॉर्निंग वॉक के दौरान ताजा घटना के बाद एक बार फिर उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।



