नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देश इस लक्ष्य के लिए स्पष्ट समयसीमा यानी ‘डेडलाइन’ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों में खबरों के प्रकाशन और प्रसारण की समयसीमा तय होती है, उसी तरह राष्ट्र निर्माण के लिए भी लक्ष्य और समयसीमा निर्धारित होना जरूरी है। इससे काम की गति बढ़ती है और जिम्मेदारी के साथ परिणाम हासिल करने का अनुशासन विकसित होता है।
प्रधानमंत्री गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। वर्ष 2047 की समयसीमा का अर्थ यह नहीं है कि तब तक इंतजार किया जाए, बल्कि इस लक्ष्य को ध्यान में रखकर अभी से लगातार काम करना होगा।
छोटे-छोटे लक्ष्य पूरे करके हासिल होगा बड़ा मुकाम
मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना आजादी के समय से ही देश के सामने रहा है, लेकिन अब इसके लिए एक निश्चित तारीख तय है। उन्होंने आजादी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य भी एक दिन में हासिल नहीं हुआ था। पहले छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित किए गए, उन्हें पूरा करने से लोगों का विश्वास मजबूत हुआ और अंततः पूरा देश आजादी के संकल्प के साथ खड़ा हो गया।
उन्होंने विश्वास जताया कि देशवासियों की सामूहिक शक्ति और सहभागिता से विकसित भारत का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। पिछले 12 वर्षों में भारत ने जिस गति से विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है, उससे यह भरोसा मजबूत हुआ है कि देश के लिए अब कुछ भी असंभव नहीं है।
मीडिया से दुनिया तक पहुंचाने को कहा भारत की सफलता की कहानी
प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी में संवाद और संचार की शक्ति को महत्वपूर्ण बताते हुए मीडिया से भारत की उपलब्धियों और सकारात्मक बदलावों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभाओं, नवाचारों और सफलता की अनेक कहानियां हैं, जिन्हें दुनिया के सामने लाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कोई फिल्म भी दुनिया में किसी देश की छवि बदल सकती है। ऐसे में भारतीय मीडिया को देश की क्षमताओं, उपलब्धियों और आम नागरिकों की सफलता की कहानियों को प्रमुखता से सामने लाना चाहिए। मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि वह लगातार देश और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों को मंच देने का प्रयास करते हैं। मीडिया भी इस दिशा में योगदान देकर बड़ी देशसेवा कर सकता है।
50 करोड़ लोगों के अत्यधिक गरीबी से बाहर आने का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीबी हटाने के नारे लगाए जाते थे, लेकिन अब गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव दिखाई दे रहा है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने गरीबों के लिए पक्के मकान, घर-घर शौचालय, मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन, लखपति दीदी अभियान और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन किया है।
अंतरिक्ष से लेकर स्टार्टअप तक भारत की उपलब्धियां गिनाईं
मोदी ने पिछले वर्षों में देश की तकनीकी, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग, मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती स्थिति, चिनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज के निर्माण, सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 50 गुना से अधिक वृद्धि और दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत की स्थिति को देश की नई ताकत का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से स्पष्ट है कि भारत में बड़े लक्ष्य हासिल करने की क्षमता है। विकसित भारत का सपना भी इसी आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों से साकार होगा।
नशामुक्ति और सामाजिक एकता के लिए मीडिया से सहयोग मांगा
प्रधानमंत्री ने मीडिया से देश में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना और उन्हें इस बुराई से बाहर निकालना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी तरह नशामुक्ति और सामाजिक एकता जैसे विषयों को भी अपने समाचारों, चर्चाओं और अन्य माध्यमों से प्रमुखता देनी चाहिए। समाज में एकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाले मुद्दों पर मीडिया का सहयोग विकसित भारत के अभियान को नई गति दे सकता है।
फैक्स से इंस्टाग्राम रील तक के मीडिया सफर को किया याद
मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने लंबे संबंधों का उल्लेख करते हुए मीडिया के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील और डिजिटल मीडिया तक पत्रकारिता का लंबा सफर देखा है। 1990 के दशक की शुरुआत में राजनीतिक यात्राओं के दौरान प्रेस विज्ञप्तियां भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी।
उन्होंने अपने शुरुआती राजनीतिक दिनों को याद करते हुए बताया कि ऐसे दीपावली मिलन समारोहों में कभी उनकी जिम्मेदारी कुर्सियां लगवाने और अतिथियों की व्यवस्था संभालने की होती थी। उन्होंने पत्रकारों की कार्यशैली और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भी पत्रकार खबरों की जिम्मेदारी निभाते हुए कई बार अपने परिवार से दूर रहते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वागत संबोधन दिया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। औपचारिक संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से व्यक्तिगत मुलाकात की। इस दौरान कई पत्रकारों ने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी लीं।
मोदी ने दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।



