जयपुर। राजस्थान में जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार को अवैध पटाखा गोदाम में अचानक आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए।
सवाई मान सिंह अस्पताल सूत्रों के अनुसार इस हादसे में गंभीर रुप से झुलसे छह लोगों को अस्पताल लाया गया था जिनमें एक व्यक्ति दम तोड़ चुका था और पांच का इलाज शुरु किया गया था लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका।
पुलिस और प्रशासन के अनुसार पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे क्षेत्र में आयशा नगर तलाई स्थित आईटीआई कॉलेज के पास स्थित एक अवैध पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई और कई धमाके हुए और अंदर मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना में रामगंज निवासी अब्दुल, रहीम नगर निवासी बिलाल, समीर, आजीम, राबिल सहित छह लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि अवैध पटाखा गोदाम वाला मकान दिल्ली निवासी फिरोज को किराये पर हुआ था। घटना के बाद परिसर को सील कर दिया गया है।
राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना से प्रभावित लोगों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।



