कैलाश सोडाणी ने महर्षि दयानंद सरस्वती विवि के कुलपति का पदभार संभाला

129

अजमेर। राजस्थान में अजमेर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार प्रो. कैलाश सोडाणी ने बुधवार को सम्भाल लिया। प्रो सोडाणी वर्द्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलपति हैं और अजमेर महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में भी कुलपति रह चुके हैं।

प्रो सोडाणी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि यहां से मेरा लगाव रहा है, सभी परिचित हैं। मेरी। प्रगति में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में कार्य का अनुभव रहा है। मैं राज्य सरकार और कुलाधिपति को इस अतिरिक्त दायित्व के लिए आभार प्रकट करता हूं।

अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे पास यहां समय कम है, फिर भी मैं विद्यार्थियों की अपेक्षा के अनुरूप कार्य करने का प्रयास करूंगा और विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाऊंगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा समय पर कराना तथा परिणामों की घोषणा मेरी प्राथमिकताओं में रहेगी। साथ ही प्राध्यापकों की पदोन्नति पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में प्रो अनिल शुक्ला का कुलपति कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्यपाल तथा कुलाधिपति हरिभाऊ वागडे ने प्रो सोडाणी के अतिरिक्त कार्यभार के आदेश जारी किए थे। ये आदेश स्थाई कुलपति की नियुक्ति तक प्रभावी बने रहेंगे।