अलवर सेंट्रल जेल में कैदी ने ब्लेड से खुद को किया घायल

अलवर। राजस्थान में अलवर के सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे एक कैदी ने रविवार को ब्लेड से अपने जननांग पर वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अलवर जेल अधीक्षक शिवेंद्र शर्मा ने बताया कि अलवर के राजगढ़ छीलोडी गांव शाहरुख (27) हत्या के मामले में सितंबर 2024 से उम्र कैद की सजा काट रहा है। कुछ दिन पहले शाहरुख ने जेल में अन्य बंधिया के साथ मारपीट की। जिसके बाद शाहरुख को अलग बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया। सुबह रेजर की ब्लेड से उसने खुद के जननांग पर ब्लेड से वार कर दिया।

उन्होंने बताया कि इसस उसके तेज खून बहने लगा। मामले की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप गया और शाहरुख को तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर भेज दिया गया।

अधजला शव मिलने सनसनी

खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में झिरण्डिया गांव में रविवार को सुबह खेत में एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शव इतना जला है कि पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। मृतक के जननांग भी जले मिले हैं, जिससे यह आशंका गहराई है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव जलाया गया।

घटना तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। पुलिस को इसकी सूचना सुबह आठ बजे मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह शेखावत पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

शेखावत ने बताया कि शव किसी पुरुष का प्रतीत हो रहा है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में पहचान मिटाने के इरादे से शव को रसायन डालकर जलाया गया।

पुलिस ने शव किशनगढ़बास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के शवगृह में रखवाया है। साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है।