हावेरी। कर्नाटक में पिछले साल हंगल सामूहिक दुष्कर्म मामले के सात आरोपियों में से पांच को हावेरी पुलिस ने शुक्रवार को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने जमानत पर रिहा होने के बाद कथित तौर पर जश्न में रैली निकाली और सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किए।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंशु कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपियों को 20 मई को जमानत पर रिहा किया गया था। उन्होंने कहा कि जमानत मिलने के बाद बैलहोंगल से अकी आलूर लौटते समय आरोपियों ने जुलूस निकालकर सार्वजनिक उपद्रव किया और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
घटना का संज्ञान लेते हुए हंगल थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। हम मूल सामूहिक दुष्कर्म मामले में जमानत रद्द करने के लिए भी आवेदन दायर करेंगे, क्योंकि आरोपियों ने जमानत शर्तों का उल्लंघन किया है। अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।