औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र के एक गांव में रक्षाबंधन की रात ताऊ के लड़के ने ही अपनी 14 वर्षीय चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी सुरजीत सक्सेना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने मंगलवार को बताया कि 10 अगस्त को बिधूना थाना क्षेत्र के गांव में पीड़ित की 14 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पाया कि लड़की का शव उसके घर के बरामदे में पड़ा था। मृतका के कपड़ों पर खून के धब्बे भी मिले।
पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई कि लड़की की मौत गला दबाने से हुई है और उससे पहले उसका बलात्कार भी किया गया था। इस आधार पर मृतका के पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होने बताया कि बिधूना पुलिस और स्वाट टीम ने मिलकर जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मृतका के सगे ताऊ के लड़के सुरजीत सक्सेना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि नौ अगस्त की रात उसने ज्यादा शराब पी ली थी।
उसे पता था कि लड़की की मां नोएडा गई हुई है और वह घर पर अकेली है। रात करीब 12 बजे वह शौचालय के बहाने लड़की के घर के पास गया और दीवार फांदकर अंदर घुस गया। उसने लड़की के साथ दुष्कर्म किया और फिर बदनामी के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह क्राइम पेट्रोल सीरियल देखने का शौकीन है और उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।