अयोध्या से शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम की शुरुआत करेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के विजयादशमी को 100 वर्ष पूर्ण हो जायेंगे। संघ इस बार अपने शताब्दी वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत रामनगरी अयोध्या से करने जा रहा है। इसकी गोपनीय तैयारी बैठक कारसेवक पुरम में संपन्न हो चुकी है। जिसमें संघ के सभी अनुषांगिक संगठनों को बुलाया गया था।

संघ अपने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम की शुरुआत पहली बार संघ मुख्यालय नागपुर के बजाय अयोध्या से करेगा और अयोध्या महानगर के दो नगरों के हजारों स्वयंसेवक विजयादशमी के दिन रामपथ पर पथ संचलन करेंगे। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले का मुख्य संबोधन होगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने स्थापना काल से ही नागपुर मुख्यालय पर नागपुर महानगर के स्वयंसेवकों की उपस्थिति में स्थापना दिवस मनाता चला आ रहा है, लेकिन शताब्दी वर्ष भर पहली बार इस परंपरा को तोड़कर अयोध्या में स्थापना दिवस को आयोजित कर अपने पंच परिवर्तन के अभियान को धार देगा।

कार्यक्रम को संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले संबोधित करेंगे। इस बार विजयादशमी 2 अक्टूबर को पड़ रही है। इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और देश के दूसरे प्रधानमंत्री जय जवान जय किसान का उदघोष करना वाले लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी है।

राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगे भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत अयोध्या में 25 नवंबर को प्रस्तावित श्रीराम मंदिर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगे। संघ प्रमुख ध्वजारोहण समारोह की पूर्व संध्या पर ही अयोध्या आ जायेगे और देवकाली के संघ भवन साकेत निलयम में ठहरेंगे। संघ प्रमुख की आगवानी के लिए साकेत निलयम का रंगरोगन शुरू हो गया है।

राममंदिर ध्वजारोहण समारोह में संघ प्रमुख मोहन भागवत के आने का कार्यक्रम तय होने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य डॉ अनिल मिश्र ने अयोध्या महानगर के संघ के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख के आगमन कार्यक्रम की जानकारी पर संघ के अधिकांश दायित्वधारी मुस्करा कर चुप हो जाते हैं लेकिन साकेत निलयम के प्रभारी कृष्ण चंद्र कहते हैं कि राममंदिर ध्वजारोहण समारोह है तो पूरे देश से संघ से जुड़े पदाधिकारी आएंगे।