मीडिया विश्वास, एकता और शांति बनाए रखने का सशक्त माध्यम : हरिभाऊ बागडे

सिरोही। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने मीडिया को विश्वास, एकता और शांति बनाए रखने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा है कि इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ इसीलिए कहा जाता है कि वह लोकतंत्र की जड़ों को सींचकर उसे हरा भरा रखता है।

बागडे ने शनिवार को सिरोही जिले के माउंटआबू में ब्रह्माकुमारी के शांतिवन परिसर में आयोजित नेशनल मीडिया कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र कई बरसों से अक्षुण्ण है इसका कारण भारत के कई लोगों का बलिदान है जिन्होंने समय समय पर इस देश की संस्कृति, एकता और लोकतंत्र को अक्षुण्ण रखने के लिए कार्य किए।

राज्यपाल ने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व की पहली संस्कृति है। हजार वर्षों से ज्यादा समय तक हमारी संस्कृति को छिन्न-भिन्न करने की कोशिश की गई है। मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भी संस्कृति को क्षति पहुचाने की कोशिश की। विश्व में जब कुल छह विश्वविद्यालय थे, उस समय हमारे पास नालंदा और तक्षशिला जैसे दो विशाल विश्वविद्यालय थे। विभिन्न आक्रांताओं द्वारा किए गए आक्रमण साथ ही विभिन्न कुत्सित प्रयासों के बाद भी हमारी संस्कृति नष्ट नहीं हुई बल्कि तेजी से बढ़ रही है। क्योंकि हमारे यहां योगी, महात्मा हुए। हमने किसी पर आक्रमण नहीं किया। हम सर्वधर्म को मानते हैं।

उन्होंने कहा कि सभी लोग राष्ट्रहित के लिए और शांति के लिए कार्य करे, ये बेहद महत्वपूर्ण है उन्होंने मीडिया के विभिन्न माध्यमों के बारे में बताते हुए कहा कि मीडिया का हर माध्यम आज के समय में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि हमारा देश विश्व में कई क्षेत्रों में अग्रणी है साथ ही सामुहिक प्रयासों से ही आगे प्रगतिरत भी है। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।