मुंबई हमले के कमांडो सुनील जोधा को मलाल, राजस्थान सरकार ने नहीं ली उनकी सुध

अलवर। मुंबई के ताज होटल हमले को 26 नवंबर को 17 वर्ष पूरे हो जाएंगे, लेकिन इस आतंकी हमलों में लोहा लेते घायल हुए अलवर निवासी एनएसजी कमांडो अब भी अपने सीने में एक गोली को दफन किए हुए हैं।

महाराष्ट्र सरकार सहित बॉलीवुड सितारे उनका इस अदम्य साहस के लिए सम्मानित कर चुके है, लेकिन अलवर का लाल अपनी ही सरकार से सम्मान के लिए दरकार है। सत्रह बीत जाने के बाद भी राजस्थान सरकार ने उनकी कोई सुध नहीं ली, जिसका मलाल उन्हें सदैव रहेगा। शरीर में दिल के पास लगी गोली अब भी 26/11 की याद दिलाती है। राजस्थान के इस जाबांज कमांडो की राजस्थान सरकार कोई ने कोई सुध नहीं ली। अब वह इस संबंध में सरकार के मुखिया से मिलेंगे।

26 नवंबर 2008 को मुंबई में ताज होटल में हुए आतंकी हमले में राजस्थान में अलवर के निवासी जांबाज कमांडो सुनील जोधा ने ताज होटल में फंसे हुए लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कई लोगों को बचाया और एक आतंकी को ठिकाने लगा दिया। उन्होंने आठ गोलियां लगने के बाद भी हार नहीं मानी और मोर्चे पर डटे रहे थे। कई ऑपरेशन के बाद उनके शरीर से सात गोलियां निकाली गई, लेकिन एक गाेली फंसी रह गई जो अब तक नहीं निकाली जा सकी है।

हमले के दौरान जोधा ताज होटल में कमांडो ऑपरेशन का हिस्सा थे। हमले के अगले दिन कमांडो टीम को मेजर उन्नीकृष्णन के नेतृत्व में मुंबई तैनात किया गया। उस दिन सुबह सात बजे ताज होटल में कमांडो ने प्रवेश किया और छठी मंजिल पर मौजूद दो आतंकियों को ढेर कर दिया। इसके बाद दूसरी मंजिल पर जाते समय वहां बिजली काट दी गई थी, जिससे पूरा फ्लोर अंधेरे में था। कमांडो के पास नाइट विजन डिवाइस थे और इसी की मदद से उन्होंने होटल के कमरे का दरवाज़ा तोड़ा, जहां दो आतंकी मौजूद थे।

जोधा ने आतंकवादियों से डटकर मुकाबला किया और एक आतंकी को ढेर किया। वहां उन्हें आठ गोलियां लगी। उनकी अदम्य वीरता के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। ताज होटल में फंसे करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाने पर जोधा को वर्ष 2009 में गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

रविवार को मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, अभिनेता शाहरुख खान और राजश्री बिरला ने उन्हें ग्लोबल पीस ऑनर्स- 2025 अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें गले भी लगाया।