उज्जैन : शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली लुटेरी महिला गैंग की सरगना जयपुर से अरेस्ट

जयपुर/उज्जैन। मध्यप्रदेश की उज्जैन जिला पुलिस ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली लुटेरी महिला गैंग की पांच हजार रुपए इनामी सरगना को आज जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया है।

भाटपचलाना थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि खरसोदकलां निवासी रतनलाल सेन ने 22 अगस्त 2025 को उसके पुत्र जितेन सेन के विवाह के लिए विष्णु बाई धाकड़ द्वारा नागदा निवासी लड़की दिखाकर विवाह तय कराया। उसकी एवज में गैंग की विष्णु बाई उसका पति रामचंद्र, पूजा उसका पति विनोद, आशा बाई तथा जस्सू ने मिलकर षडयंत्र पूर्वक डेढ़ लाख रुपए धोखाधड़ी कर उससे ले लिए।

पुलिस ने रतनलाल सेन की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। पुलिस द्वारा दबिश देकर आरोपी रामचन्द्र, जस्सु, विष्णुबाई, एवं पूजा उर्फ नेहा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 हजार रुपए जप्त किए गए। शेष राशि फरार आरोपियों आशाबाई एवं विनोद के पास होना पाया गया। पुलिस ने घटना के बाद से फरार मुख्य सरगना आशाबाई पर पांच हजार रूपए इनाम घोषित किया था, जिसे आज साइबर तकनीक के माध्यम से गिरफ्तार कर लिया गया।