चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जगद्गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती समस्त मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका संपूर्ण जीवन मानव सेवा, धर्म, त्याग और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
सैनी कैथल जिले के चुहार माजरा गांव में जगद्गुरु ब्रह्मानंद जी की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने चुहार माजरा गांव का नाम बदलकर ब्रह्मानंद माजरा रखने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गुरु ब्रह्मानंद मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी का जन्म 1908 में कैथल जिले के चुहार माजरा गांव में हुआ था। वह सादगी, उच्च विचार और मानव सेवा में विश्वास रखते थे। आर्य समाज से प्रेरित होकर उन्होंने एकेश्वरवाद, निराकार ईश्वर और मानव सेवा को सच्ची भक्ति बताया।
स्वामी ब्रह्मानंद जी ने शिक्षा, सामाजिक सुधार और गौ सेवा को समाज की प्रगति का आधार माना। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से गुरु ब्रह्मानंद जी की शिक्षाओं को अपनाने, नशाखोरी से दूर रहने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव में स्वागत द्वार निर्माण के लिए 21 लाख रुपए, पुस्तकालय निर्माण, ढांड-पुंड्री सड़क का नाम गुरु ब्रह्मानंद मार्ग रखने तथा विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपए के अनुदान की घोषणा की।



