भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में मंडोल बांध गांव में एक युवक पर कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने शुक्रवार को बताया कि दिलीप (18) निवासी फतेहपुरा डाबी, जिला बूंदी अपने एक रिश्तेदार से मिलने मंडोल गांव आया हुआ था। आज मंडोल बांध के पास स्थित एक परिचित के घर पर किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दिलीप की मोटरसाइकिल और उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी र्ग।
उन्होंने बताया कि घटना के समय उठते धुएं को देखकर वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मोटर साइकिल पूरी तरह जली हुई थी, जबकि युवक के हाथ, पीठ और बाल झुलसे हुए थे।
पुलिस ने घायल युवक को तुरंत बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भीलवाड़ा भेज दिया गया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों युवकों की शिनाख्त किशन सिंह और मोनू सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोपहर में दोनों युवक मोटर साइकिल से भीलवाड़ा से अजमेर की ओर जा रहे थे। कोठारी नदी की पुलिया पर पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में मोटर साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।



