भिवाड़ी। राजस्थान में भिवाड़ी जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ठगी करने के आरोप में एक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तांत्रिक ने टोना-टोटका और पारिवारिक समस्याओं को दूर करने के बहाने एक कंपनी के कर्मचारी से छह लाख 27 हजार रुपए की ठगी की।
उन्होंने बताया कि भिवाड़ी स्थित एमएनसी कंपनी में कार्यरत उत्तर प्रदेश निवासी संदीप मौर्य काफी समय से पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा थे। आरोपी मोहम्मद दानिश खान (26) ने संदीप को फोन पर संपर्क करके खुद तांत्रिक बताते हुए परिवार की समस्याओं को दूर करने का दावा किया।
शुरू में हवन-पूजन के नाम पर मई 2025 में मात्र पांच हजार रुपए लिए बाद में विभिन्न तरीकों से उसे डराकर छह लाख 27 हजार रुपए ऐंठ लिए। जब उसकी किसी समस्या का हल नहीं हुआ तो उसे संदेह हो गया और उसने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के व्हाट्सएप चैट, बैंक खाता और अन्य सुरागों के आधार पर दानिश को गिरफ्तार कर लिया।
तिजारा के पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह ने पत्रकारों को गुरुवार को बताया कि दानिश ने पूछताछ में कबूल किया कि वह दो युवकों को भाड़े पर लेकर बड़े शहरों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्चे चिपकवाता था। इन पर्चाें में बिना दवाई के वशीकरण शराब छुड़ाना ताकत बढ़ाना गृह क्लेश दूर करना जैसे झूठे दावे किए जाते थे। पुलिस ने आरोपी से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए, जिनमें तांत्रिक पूजा के कई वीडियो मिले हैं।



