दिल्ली हवाई अड्डे पर परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए विशेष एंट्री गेट

0

नई दिल्ली। दिल्ली हवाई अड्डे ने परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए गुरुवार को विशेष पहल फैमिली@डेल की शुरुआत की घोषणा की जिसके तहत उनके लिए समर्पित एंट्री गेट और प्रायोरिटी सिक्योरिटी जोन की व्यवस्था होगी।

एयरपोर्ट की संचालक कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि तीनों टर्मिनलों पर परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए समर्पित एंट्री गेट शुरू किए गए हैं।

उनके लिए विशेष चेक-इन काउंटर, सिक्योरिटी जांच के लिए प्राथमिकता वाले लेन और फूड कोर्ट पर परिवारों के बैठने के लिए समर्पित स्थानों की व्यवस्था की गयी है। जरूरतमंदों के लिए बग्गी की भी सुविधा होगी जिससे वे सीधे बोर्डिंग गेट तक पहुंच सकेंगे।

डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि यह पहल अधिक समावेशी और सुविधाजनक अनुभव की हवाई अड्डे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।