नई दिल्ली। लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य निशिकांत दुबे ने सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने तथा उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की मांग करते हुए लोकसभा में एक प्रस्ताव दिया है।
दुबे ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि गांधी ने संसद में गलत आरोप लगाकर देश को गुमराह करने का काम किया है। उनका कहना था कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से उनके प्रस्ताव पर विचार करने और उसे चर्चा के लिए रखने का अनुरोध किया है ताकि गांधी की सदस्यता को समाप्त किया जा सके और उनके चुनाव लड़ने पर आजीवन प्रतिबंध लगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी विदेशी दौरों में कथित रूप से सोरोस फाउंडेशन, यूएसएआईडी और फोर्ड फाउंडेशन जैसी संस्थाओं से जुड़े लोगों के संपर्क में रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांधी थाईलैंड, वियतनाम और कंबोडिया जैसे देशों की यात्राओं के दौरान भारत विरोधी तत्वों के साथ मिलीभगत करते हैं।
भाजपा नेता के अनुसार उन्होंने नोटिस में गांधी के भाषण से आरोपों को रिकॉर्ड से हटाने तथा कुछ शब्दों का भी नोटिस दिया है। नोटिस में कहा गया है कि गांधी ने अपने भाषण में असंसदीय भाषा का उपयोग किया है। उनका कहना था कि यह नोटिस लोकसभा की कार्यसूची और नियमावली के अनुसार नियम 380 के तहत दिया गया है।



