प्रधानमंत्री मोदी के अजमेर दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सजग

1

अजमेर। राजस्थान में अजमेर में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सजग है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पांच अधिकारियों को मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा, पार्किंग और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके तहत पुलिस उप महानिरीक्षक (साइबर अपराध) विकास शर्मा, बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, ब्यावर के पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, टोंक के पुलिस कप्तान राजेश मीणा और नागौर के पुलि अधीक्षक मृदुल कच्छावा की ड्यूटी लगाई गई है। ये सभी अधिकारी 26 फरवरी शाम तक अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक को रिपोर्ट करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि 28 फरवरी तक सभी की जिम्मेदारी प्रभावी रहेगी। करीब दो हजार पुलिस कर्मियों को रैली में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात किया गया है। अलग-अलग रेंज और जिलों से पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षकों की भी तैनाती की गई है वहीं आरएसी की पांच कंपनियों को भी किया तैनात किया गया है।