भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े सरस पार्लर संचालक का अपहरण करके उस पर लाठी डंडों एवं हथियारों से हमला करके उसे लहुलुहान कर दिया।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि पीडि़त हरिराम गुर्जर (27) सत्यम कॉम्प्लेक्स स्थित सत्यम सरस पार्लर का कर्मचारी है। उसने शिकायत दर्ज कराई कि वह पार्लर की नकदी जमा कराने राजस्थान ग्रामीण बैंक जा रहा था। इसी बैंक के सामने महेंद्र मीणा अपने चार साथियों के साथ आया और हरिराम को डरा-धमकाकर जबरन गाड़ी में डाल लिया।
उसने बताया कि बदमाश उसे सुनसान जगह ले गए और लकड़ी के डंडों से उसके दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार किए। उसके सिर और नाक पर धारदार हथियार से हमला करके उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले के दौरान बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपए भी लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए नेहरू उद्यान के बाहर फेंककर भाग निकले।
पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।



