सिरोही। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को सिरोही जिले की रेवदर पंचायत की अनादरा ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल एवं उसके पुत्र अखिलेश कुमार को एक मामले में एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की सिरोही चौकी को शिकायत की कि उसके आमला खेड़ा गांव (ग्राम पंचायत अनादरा) में पत्नी के नाम से आवासीय भूखण्ड पर निर्माण स्वीकृति जारी करने एवं परिवादी द्वारा अपने आवासीय भूखण्ड के सीमांकन के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में निर्मित सीसी सड़क क्षतिग्रस्त हो जाने पर उसके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही नहीं करने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे है।
इस पर ब्यूरो टीम द्वारा ट्रेप कार्रवाई करने पर लक्ष्मीलाल द्वारा अपने पुत्र अखिलेश कुमार को परिवादी से उसके जायज कार्य के एवज में एक लाख रुपए रिश्वत प्राप्त कर मौके से भगा दिया गया। जिस पर मनोवैज्ञानिक तरिके से तसल्लीपूर्वक पूछताछ उपरांत लक्ष्मीलाल की सहायता से सह आरोपी उसके पुत्र अखिलेश कुमार की निशांदेही पर उनकी कॉलोनी के खाली प्लॉट में गाड़ी गई रिश्वत राशि एक लाख रुपए बरामद की गई। ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है।



