कोटा। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों की अपनी पदयात्रा को जनसेवा की साधना बताया है।
दिलावर द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी में निकाली जा रही चार दिवसीय जनहिताय-जन सुखाय पदयात्रा का शनिवार को दूसरा दिन है। आज की यात्रा का शुभारंभ प्रातः आठ बजे सोहनपुर से गांव से हुआ जहां दिलावर ने जंगल जलेबी के प्राचीन वृक्ष के नीचे बैठकर ग्रामीणों की जनसुनवाई की और मौके पर ही स्थानीय निवासियों की मांग के अनुरूप विकास कार्य की घोषणा की।
उन्होंने गांव में नाली नहीं होने से पानी फैलने और कीचड़ होने की समस्या से निजात दिलाने के लिए इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण करने के लिए अपने विधायक कोष से 10 लाख रुपए देने की स्वीकृति भी दी।
पदयात्रा के दूसरे दिन लाडपुरा पंचायत समिति के प्रधान हेमंत यादव, दिलावर के पुत्र दीपक दिलावर, कोटा नगर निगम के वार्ड पार्षद डॉक्टर आरडी वर्मा, लाडपुरा के खंड विकास अधिकारी शैलेश रंजन, तहसीलदार लाडपुरा, नायब तहसीलदार मण्डना, भाजपा नेता नितिन शर्मा, कोटा जिला (प्रारंभिक) जिला शिक्षा अधिकारी रूप सिंह मीणा, जल संग्रहण एवं भू संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता उमेश गुप्ता सहित बिजली एवं जल से संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी यात्रा में साथ चल रहे हैं और मंत्री के निर्देशानुसार ग्रामीणों की विभाग से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर रहे हैं। दिलावर ने पदयात्रा के मोहनपुरा गांव पहुंचने पर भील बस्ती में ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्या सुनी।



