अजमेर। ‘कभी वीर बनके, महावीर बनके चले आना प्रभु जी…’ जैसे भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजनों की मधुर ध्वनि के बीच श्री दिगंबर जैन महिला महासमिति एवं युवामहिला संभाग अजमेर की सर्वोदय कॉलोनी इकाई द्वारा आयोजित ‘घर-घर मंगलाचार’ कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वरिष्ठ सदस्य इंदिरा कासलीवाल के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान समिति की सदस्याओं ने सामूहिक रूप से भजन प्रस्तुत कर जैन धर्मावलंबियों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। भजनों की मधुरता और श्रद्धा से भरे वातावरण ने उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया।
समिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी एवं युवामहिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने जानकारी देते हुए बताया कि आदिनाथ भगवान के जन्म कल्याणक से लेकर महावीर जयंती तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी सदस्याएं बढ़-चढ़कर भाग लेकर वीर प्रभु की भक्ति में लीन हैं।
इकाई अध्यक्ष अनामिका सुरलाया एवं मंत्री रेणु पाटनी ने बताया कि वर्षा बड़जात्या, मोनिका सुरलाया और ज्योति सेठी सहित अन्य सदस्याओं ने भजनों के माध्यम से भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत गाजे-बाजे के साथ तीर्थंकर भगवान के माता-पिता के स्वरूप में सजी बिंदोरी से हुई, जिसमें माता त्रिशला के रूप में डिंपी बड़जात्या एवं पिता सिद्धार्थ के रूप में तनुश्री ने आकर्षक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर बालिका नायशू ने ‘ऐसे पालन झूले रे पलना…’ भजन पर मनमोहक मंगलाचरण प्रस्तुत किया। साथ ही पारंपरिक रस्मों के तहत हल्दी एवं मेहंदी की रस्म भी संपन्न की गई, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग और भी गहरा हो गया।
मंत्री रिंकू कासलीवाल ने बताया कि कार्यक्रम को और रोचक बनाने के लिए पांच समूह-वीर, महावीर, अतिवीर, सन्मति और वर्धमान-बनाए गए, जिन्होंने भजनों के माध्यम से सामूहिक भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में युवामहिला संभाग की संस्थापक अर्चना गंगवाल, भावना बाकलीवाल, प्रीति गदिया, श्वेता छाबड़ा, किरण गोधा, अर्पणा सेठी सहित समिति की कई पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में पुण्यार्जक परिवार के कमल कासलीवाल एवं इंदिरा कासलीवाल द्वारा सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया गया।



