एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर 24 मार्च को, किशोरियों को मिलेगा लाभ

40

अजमेर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन मंगलवार को किया जाएगा। यह शिविर जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होंगे।

चिकित्सा विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विद्यालयों में परीक्षाएं समाप्त होने के बाद 14 वर्ष से 15 वर्ष 90 दिन तक की किशोरी बालिकाओं को इस टीकाकरण का लाभ दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते बचाव करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है, जो धीरे-धीरे विकसित होता है और शुरुआती चरण में स्पष्ट लक्षण नहीं देता। इसी कारण कई महिलाएं इसके प्रारंभिक संकेतों को नजरअंदाज कर देती हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिंदे स्वाति ने बताया कि भारत में यह महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। आंकड़ों के अनुसार लगभग हर 8 मिनट में एक महिला की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए अवश्य लेकर आएं और इस अभियान का लाभ उठाएं।

लाभार्थी या अभिभावक UWIN सेल्फ रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं, पात्रता के अनुसार पंजीकरण कर नजदीकी सत्र स्थल खोजकर स्लॉट बुक कर सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए वेबसाइट: https://uwinselfregistration.mohfw.gov.in