भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले रायला थाना क्षेत्र में रविवार को एक चार वर्षीय बालिका की कुंए में गिरने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह दिव्या अपने घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद जब बच्ची नजर नहीं आई, तो उसकी तलाश शुरू हुई। खोजबीन के दौरान घर के पास ही स्थित एक कुएं में दिव्या का शव तैरता मिला।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है। इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या तांत्रिक क्रिया जैसी कोई चीज हो सकती है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
उधर, ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। महज कुछ महीने पहले इसी मासूम दिव्या के भाई का शव भी इसी कुएं में मिला था। एक ही परिवार के दो चिरागों का एक ही कुएं में बुझ जाना सामान्य हादसा नहीं लग रहा है।
लगातार दो बच्चों की संदिग्ध मौत से टूटे परिजनों ने अब गहरी साजिश की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि कोई जानबूझकर उनके बच्चों को निशाना बना रहा है और हत्या करके शव कुएं में फेंक रहा है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और डर व्याप्त है।
पुलिस की अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी
भीलवाडा जिले के पुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस के जिला विशेष दल (डीएसटी) ने शनिवार देर रात अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मशीन और दो डम्पर जब्त किए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर बोरडा गांव में दबिश दी गई जहां मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने मौके से एक एलएनटी मशीन और दो डंपर जब्त किए। जब्त किए गए वाहनों और मशीनरी को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।



