झालावाड़ में ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा 10400 रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

1

झालावाड़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को झालावाड जिले में पंचायत समिति की मऊ बोरदा ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा को 10 हजार 400 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी की झालावाड चौकी को गत 10 अप्रैल को शिकायत मिली की कि महूमहल खीची दरबार सेवा समिति द्वारा गत 16 फरवरी को हुए धानोद खुर्द पचायत बोरदा में 26-27 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के विवाहित जोडो का विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी ने प्रत्येक जोड़े के 500 रुपए के हिसाब से लगभग 13 हजार 500 रुपए की रिश्वत की मांग की।

इस पर ब्यूरो टीम द्वारा सत्यापन कराए जाने के दौरान रजनी मीणा द्वारा प्रत्येक जोडे के 400 रुपए देना तय हुआ और इस हिसाब से 26 जोड़ो के विवाह प्रमाण पत्र बनाने के लिए 10 हजार 400 रुपए रिश्वत की मांग की गई तथा रिश्वत राशि एवं विवाह प्रमाण पत्र के बाकी कागजात लेकर बुधवार को अपने कार्यालय बुलाया गया।

इसके बाद ब्यूरो टीम ने ट्रेप कार्यवाही का आयोजन कर रजनी मीणा को इस मामले में 10 हजार 400 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ तथा घर की तलाशी की कार्रवाई जारी है।