खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खैरथल थाना क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां पलक झपकते ही मातम में बदल गईं, जब बुधवार को बारात आनी थी और एक दिन पहले दुल्हन लक्ष्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। लक्ष्मी कभी बहनों के साथ नृत्य कर रही थी, तो कभी खुद ही झूम रही थी। हर कोई उसकी खुशी देखकर खुश था। कुछ ही देर बाद उसे मेहंदी लगनी थी। इसी बीच लक्ष्मी ने घबराहट की बात कही और बोली कि उसे उल्टी आ रही है। परिजनों ने तुरंत उसे संभाला, जूस पिलाया और पंखे की हवा में लिटा दिया।
सूत्रों ने बताया कि कुछ देर तक सबको लगा कि वह ठीक हो जाएगी। घर में शादी की तैयारियां चलती रही, लेकिन जब उसकी मां ने उसे उठाने की कोशिश की, तो वह अचेत पड़ी थी। यह देख पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज लक्ष्मी के फेरे होने थे, अब उसकी अर्थी उठेगी। यह दर्द परिवार ही नहीं, पूरे गांव को झकझोर रहा है।



