भीलवाड़ा में दो गुटों के खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में बुधवार रात कंजर जाति के दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हाे गई।

थाना प्रभारी भंवरलाल ने गुरुवार को बताया कि कल देर रात लक्ष्मणगढ़ कॉलोनी में विनोद कंजर (40) और कमलेश कंजर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हाे गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के कुछ लोग आ गये और आमने-सामने हो गए। उनके बीच लाठी-भाटा जंग शुरू हो गई। इस भारी पथराव और लाठियों के हमले में विनोद कंजर गंभीर रूप से घायल हो गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव अस्पताल के शवगृह पहुंचाया। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।

लापता बुजुर्ग का शव बावड़ी में मिला

भीलवाड़ा जिले के भीमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक लापता बुजुर्ग का शव एक बावड़ी में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकाला।

थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि एक जून को कोली मोहल्ला निवासी रामदयाल कोली अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद से ही परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। आज सुबह उनका शव आत्माराम सत्संग मंडल के निकट स्थित बावड़ी में तैरता हुआ मिला।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तो बुजुर्ग रामदयाल कोली अकेले ही बावड़ी की तरफ जाते हुए नजर आए हैं। पुलिस ने शव महात्मा गांधी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।