अभिनेत्री गौतमी ने अन्नाद्रमुक छोड़ी, सामाजिक कार्यों पर करेंगी ध्यान केंद्रित

0

चेन्नई। लगातार चुनावी हार के बाद बड़े पैमाने पर नेताओं के पलायन का सामना कर रही अन्नाद्रमुक को रविवार को उस समय एक और बड़ा झटका लगा जब पार्टी की उप-प्रचार सचिव और लोकप्रिय अभिनेत्री गौतमी तड़िमल्ला ने सामाजिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

भारतीय जनता पार्टी के साथ 25 साल से अधिक लंबे जुड़ाव के बाद गौतमी 14 फरवरी 2024 को अन्नाद्रमुक में शामिल हुई थीं। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और उप-प्रचार सचिव के पद से इस्तीफा देकर उन्होंने अन्नाद्रमुक के साथ अपने दो साल के सफर का अंत कर दिया।

अन्नाद्रमुक आलाकमान को भेजे पत्र में गौतमी ने कहा कि वे मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए और सामाजिक सेवा पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए भारी मन से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पद से इस्तीफा दे रही हैं।

गौरतलब है कि उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के दौरान अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया था। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान समर्थन देने के लिए पूर्व मंत्रियों, मुख्यालय के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी के विभिन्न विंगों के सदस्यों सहित सभी अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

रजनीकांत और कमल हासन जैसे शीर्ष अभिनेताओं के साथ स्क्रीन साझा करने वाली एक लोकप्रिय अभिनेत्री होने के अलावा, गौतमी एक प्रसिद्ध कॉस्ट्यूम डिजाइनर और सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। उन्होंने 1997 में भाजपा में शामिल होकर राजनीति में कदम रखा था और अक्टूबर 2023 में इस्तीफा देने से पहले 25 वर्षों तक पार्टी की सेवा की थी।

अक्टूबर 2023 में भाजपा से इस्तीफा देते समय उन्होंने एक व्यक्तिगत संपत्ति विवाद के मामले में वरिष्ठ नेतृत्व से समर्थन न मिलने का आरोप लगाया था।