भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित री-नीट परीक्षा के फर्जी प्रश्न पत्र तैयार करके ऑनलाइन बेचने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विशेष शाखा (डीएसबी) को मिली सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया और मुख्य आरोपी को धरदबोंचा।
थानाधिकारी सुनील ताडा ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि कुछ समाजकंटक और उपद्रवी तत्व री-नीट परीक्षा का हूबहू फर्जी पेपर तैयार करके सोशल मीडिया ‘टेलीग्राम’ के माध्यम से परीक्षार्थियों को बेचकर मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस दल ने तुरंत पटेल नगर विस्तार क्षेत्र में दबिश दी और मुख्य संदिग्ध आकाश को हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया कि आई-स्मैक पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर यह त्वरित कार्रवाई की गई है। हिरासत में लिए गए आरोपी आकाश से कड़ाई से पूछताछ और मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इस पूरे गिरोह और उनके नेटवर्क का विस्तृत खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने छात्रों को यह फर्जी पेपर बेचकर ठगी का शिकार बनाया है और इस रैकेट में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



