चेन्नई। तमिलनाडु में तमिल वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार में शामिल होने के कुछ सप्ताह बाद इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने शनिवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन से किनारा कर लिया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम खादर मोहिदीन ने आईयूएमएल की सामान्य परिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि द्रमुक के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया गया। गौरतलब है कि आईयूएमएल द्रमुक से रिश्ता तोड़ने वाली सबसे नई पार्टी है।
इससे पहले उसके खास साथी कांग्रेस, वीसीके, भाकपा, माकपा ने पाला बदलकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का समर्थन किया था, जब टीवीके हाल के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन बहुमत से चूक रही थी।
खादर मोहिदीन ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए आईयूएमएल अब द्रमुक गठबंधन में नहीं रह सकती। यह द्रमुक के नेतृत्व में भविष्य में होने वाले किसी भी प्रदर्शन में भी हिस्सा नहीं लेगी।



