कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोलकाता के पास फाल्टा थाने पर कथित हमले और पूर्व विधायक जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की साजिश के मामले में उसकी पत्नी रेजिना बीबी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कई दिन से रेजिना की तलाश में थी।
पुलिस के अनुसार रेजिना पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने, थाने के घेराव की योजना बनाने और जहांगीर की रिहाई के लिए कथित तौर पर थाने पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। उनके खिलाफ शस्त्र एवं विस्फोटक अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले रेजिना की अगुवाई में बैठक हुई थी, जिसमें समर्थकों को फाल्टा थाने से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक स्थान पर एकत्र कर संगठित तरीके से थाने की ओर बढ़ने और जहांगीर को छुड़ाने की योजना बनाई गई थी।
जहांगीर को विभिन्न मामलों में लंबे समय से तलाशा जा रहा था। बाद में उसे नेपाल सीमा के निकट से गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद रेजिना के नेतृत्व में पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन और थाने के घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पुलिस इस मामले में अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। रेजिना इस मामले में गिरफ्तार की गई नवीनतम आरोपी हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों को कानून हाथ में नहीं लेने की चेतावनी दी थी और थाने पर हमले से जुड़े वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों के खिलाफ राजद्रोह के आरोप लगाने के निर्देश दिए थे।



